सोशल मीडिया पर आए दिन कई फिशिंग लिंक वायरल होते रहते हैं, जिसमें दावा किया जाता है कि उसे क्लिक करने या उसपर विजिट करने पर आपको कैशबैक मिलेगा। ऐसी ही एक लिंग सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रही है जिस पर पेटीएम, फोन पे और गूगल पे का लोगो भी लगा हुआ है। वहीं इसके नीचे एक लिंक देते हुए दावा किया गया है कि इसमें छपे 500 रुपए के नोट को छूते ही 5000 रुपए का कैशबैक जीत सकते हैं।
क्या है वायरल?
दरअसल, प्रियंका देवी नाम के फेसबुक पेज द्वारा इस वायरल लिंक को शेयर किया गया है। पोस्ट पर 500 रुपए के नोट की तस्वीर के साथ पेटीएम, फोन पे और गूगल पे का लोगो भी देखा जा सकता है। वहीं इस तस्वीर पर लिखा हुआ है, “500 को नोट को छुएं और जीतें 5000 तक कैशबैक।”

हालांकि टूडे समाचार ने अपनी पड़ताल में पाया है कि ये वायरल लिंक एक फिशिंग लिंक है। पेटीएम, फोन पे या गूगल पे ने इस तरह का कोई ऑफर नहीं निकाला है। ऐसे में आपको सतर्क रहना चाहिए और गलती से भी किसी ऐसे लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
फैक्टचेक
टूडे समाचार ने अपनी पड़ताल की शुरूआत करते हुए सबसे पहले पोस्ट के साथ दिए गए लिंक पर गौर किया, तो इस दौरान हमें inam-yojna.online यूआरएल के रुप में मिला, जो नाम से ही कुछ अटपटा लग रहा है। ऐसे में अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए जब हमने इस वायरल लिंक पर क्लिक किया तो एक अलग पेज पर रिडायरेक्ट हुए, जिसपर लिखा था, “भारत जन-धन योजना के माध्यम से हर जनता को रुपए 5000 मुफ्त सभी के खाते में। अपने खाते में प्राप्त करने के लिए कार्ड को स्क्रैच करें। भारत की सभी जनता को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से रुपए 5000 तक सबके खाते में मुफ्त। पैसे को खाते में लेने के लिए यहां क्लिक करें।”
इस दौरान क्लिक करने वाले लिंक पर क्लिक करते ही हम सीधे पेटीएम पर लैंड हुए। ऐसे में यूजर्स से यही अपील है कि कृप्या ऐसे किसी लिंक पर क्लिक ना करें, ये फिशिंग लिंक होती हैं, जिन्हें आपसे धोखाधड़ी करने के इरादे से बनाया जाता है।

इस दौरान हमने पेटीएम, गूगल पे और फोन पे के ट्विटर हैंडल्स को खंगाला, लेकिन इस वायरल पोस्ट से जुडी जानकारी कही नहीं मिली।
हालांकि इस दौरान हमें फोन पे की वेबसाइट पर ऐसे फिशिंग लिंक्स से जुड़ी एक जानकारी मिली। इसके द्वारा ग्राहकों के अनुरोध किया गया है कि, “कैशबैक देने जैसे लिंक्स पर क्लिक नहीं करना चाहिए। जालसाज़ कैशबैक ऑफ़र और स्क्रैच कार्ड के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को पुरस्कार जीतने का वादा करके लुभा रहे हैं। कुछ लोग आपको ऑफ़र के साथ नकली लिंक भेज सकते हैं या आप नकली सोशल मीडिया पेजों पर कैशबैक से संबंधित पोस्ट भी देख सकते हैं। ये लिंक और सोशल मीडिया पेज बड़ी चतुराई से PhonePe की आधिकारिक वेबसाइट और लोगों से मिलते-जुलते डिज़ाइन किए गए हैं, ताकि आपको यह विश्वास दिलाया जा सके कि ऑफ़र वास्तविक है।”

अंत में हमने इस वायरल लिंक पर अधिक पुष्टि के लिए साइबर एक्सपर्ट और इंडियन साइबर आर्मी के संस्थापक किसलय चौधरी से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने हमें बताया कि, “यह पोस्ट फिशिंग लिंक के साथ वायरल हो रहा है। इस तरह के लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। इस तरह के लिंक पर क्लिक करने से आप साइबर क्राइम के शिकार हो सकते हैं।”
ऐसे में टू़डे समाचार की इस पड़ताल से ये साबित हो गया है कि 500 नोट पर छूने पर 5000 हजार का कैशबैक दिए जाने का दावा पूरी तरह से फर्जी है। ये एक फिशिंग लिंक हो सकता है, जिसपर क्लिक करने से आप धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।